राजस्थान में रविवार को कोरोना संक्रमण के 96 और मामले सामने आए हैं। इससे राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 796 हो गई है। राज्य में अब तक नौ लोगो की मौत हो चुकी है।
अतिरिक्त मुख्य सचिव (स्वास्थ्य) रोहित कुमार सिंह ने बताया कि राज्य के 11 जिलों में आज 96 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही राज्य में कुल मामलों की संख्या 796 हो गई है।
रविवार को सामने आए नए मामलों में 35 जयपुर में, 11 टोंक में, 7 कोटा में, 5 नागौर में, 8 जोधपुर में, एक जैसलमेर में, आठ बीकानेर में, एक चूरू में, 15 बांसवाड़ा में, दो हनुमानगढ़ में, ईरान से जोधपुर लाए गए लोगों में से दो में और सीकर में एक मरीज कोरोना वायरस संक्रमित पाया गया है।
राजस्थान में कोरोना वायरस संक्रमण के कुल मामलों में दो इतालवी नागरिकों के साथ साथ 52 वे लोग भी शामिल हैं, जिन्हें ईरान से लाकर जोधपुर व जैसलमेर में सेना के हेल्थ सेंटर में ठहराया गया है। जयपुर में अब तक सबसे ज्यादा 336 मामले सामने आ चुके हैं।
राज्यभर में 22 मार्च से लॉकडाउन जारी है और राज्य के 40 थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू लागू है। संक्रमित मरीजों की पहचान के लिए युद्ध स्तर पर सर्वे और स्क्रीनिंग का कार्य जारी है।