जबलपुर के घमंडी चौक स्थित बाजार में आग लगी
- फोटो : अमर उजाला
जबलपुर के बड़ा फुहारा इलाके में बुधवार देर रात अफरा-तफरी मच गई, जब घमंडी चौक स्थित एक गारमेंट्स की दुकान में अचानक भीषण आग भड़क उठी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग दुकान की दूसरी मंजिल से शुरू हुई और तेजी से तीसरी मंजिल तक फैल गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और जांच जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां और पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और आग बुझाने का काम शुरू किया। सीएसपी रितेश कुमार शिव ने बताया कि यह दुकान नीरज जैन नाम के व्यापारी की है। दुकान की दूसरी और तीसरी मंजिल पर आग भड़की थी। उन्होंने कहा दमकल और पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई थी। फिलहाल आग पर नियंत्रण है… आग कैसे लगी यह अभी साफ नहीं हो पाया है।
बता दें कि रात करीब पौन 11 बजे के आस-पास दुकान बंद करने की तैयारी हो रही थी। तभी दुकानदार ने दुकान के धुआं और आग की लपटे निकलते देखी। इसके बाद उन्होंने तत्काल आसपास के लोगों और फायर बिग्रेड को भी जानकारी दी गई। कुछ ही देर में फायर बिग्रेड की चार-पांच गाड़ी पहुंची और आग को बुझाने में लग गई।