मंडला फोर्ट रेलवे स्टेशन का फाइल फोटो
सत्ता का सेमीफाइनल के तहत अमर उजाला का चुनावी रथ मध्यप्रदेश कूच कर चुका है और हमारा पहला पड़ाव है मंडला। हम आपको बताएंगे कि आखिर मंडला जिले में क्या है सियासी समीकरण। मंडला जिले में तीन विधानसभा सीटें हैं- बिछिया, निवास और मंडला। ये तीनों सीटें अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं। तीन विधानसभाओं में से दो यानि निवास और बिछिया भाजपा के कब्जे में है, वहीं मंडला विधानसभा सीट पर कांग्रेस का राज है।
मंडला विधानसभा
बात मंडला विधानसभा की करें, तो यह इस जिले की कांग्रेस के कब्जे वाली इकलौती सीट है। यहां पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के संजीव छोटे लाल उइके ने भाजपा के सम्पतियां उइके को महज 3827 वोटों के अंतर से हराया था। इस बार भी कांग्रेस की तरफ से संजीव उइके की दावेदारी मजबूत मानी जा रही है।
बिछिया विधानसभा
बिछिया विधानसभा सीट पर कांग्रेस और बीजेपी के अलावा गोंडवाना गणतंत्र पार्टी का भी दखल रहता है। यहां चुनाव में भाजपा के पंडित सिंह धुर्वे, कांग्रेस के नारायण सिंह पट्टा और गोंगपा के कमल सिंह मरावी के बीच ही मुकाबला रहता है। पिछले विधानसभा चुनाव में पंडित सिंह ने नारायण सिंह को हराया था।
निवास विधानसभा
इस विधानसभा सीट पर शुरू से ही भाजपा का कब्जा रहा है। यहां से हर बार जनता ने भाजपा के रामप्यारे कुलस्ते पर ही भरोसा जताया है। रामप्यारे कुलस्ते निवास विधानसभा क्षेत्र से सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते के छोटे भाई हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में कुलस्ते ने कांग्रेस के पतिराम पेंड्रो को मात दी थी।