मध्यप्रदेश के स्पेशल डीजी पुरुषोत्तम लाल शर्मा को मंगलवार को राज्य के गृह विभाग ने निलंबित कर दिया है। राज्य के गृह विभाग ने पाया कि पुरुषोत्तम शर्मा द्वारा उनकी पत्नी की पिटाई के वीडियो पर दिया गया स्पष्टीकरण असंतोषजनक है।
समर्थन में उतरी बेटी, मां को बताया मानसिक बीमार
वहीं, पुरुषोत्तम शर्मा की बेटी देवांशी गौतम खुलकर पिता के समर्थन में आ गई है। उसका कहना है कि उसकी मां मानसिक तौर पर बीमार है। वो अपने घर को भी आग लगाने की कोशिश कर चुकी है, साथ ही खुद को मारने के प्रयास भी कर चुकी हैं। देवांशी ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को इस मामले में पत्र भी लिखा है। बेटी ने यह चिट्ठी मुख्यमंत्री के अलावा प्रदेश के गृह मंत्री और डीजीपी को भी भेजी है।
दरअसल, डीजी पुरुषोत्तम लाल शर्मा का एक और वायरल वीडियो सामने आया था। जिसमें पुरुषोत्तम शर्मा अपनी पत्नी को पीटते नजर आए थे। वीडियो में स्पेशल डीजी पुरुषोत्तम शर्मा पत्नी को बेरहमी से पीटते दिखाई दे रहे थे। डीजी पुरुषोत्तम शर्मा ने कबूला था कि वह वीडियो में हैं और कानूनी कार्रवाई का सामना करने के लिए तैयार हैं।