महिला दिवस के मौके पर पहली बार दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर (सीकेपी) मंडल में पहली बार अनूठा नजारा देखने को मिला।यहां न सिर्फ चक्ररधरपुर स्टेशन की कमान महिला कर्मचारियों के हाथों में सौंपी गई बल्कि पहली बार गाड़ी संख्या 13288 साउथ बिहार एक्सप्रेस को चक्रधरपुर से राउरकेला स्टेशनों के बीच महिला स्पेशल ट्रेन बना कर चलाया गया। इसकी जानकारी एक अधिकारी ने दी।
इस मौके पर ट्रेन के महिला चालक और गार्ड को चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम विजय कुमार साहू ने बुके देकर उनका सम्मान किया और हौसला बढाया । मंडल रेल प्रबंधक विजय कुमार साहू ने दक्षिण पूर्व रेलवे महिला कल्याण संगठन की अध्यक्ष अंजुला साहू के साथ चक्रधरपुर स्टेशन से साउथ बिहार एक्सप्रेस को झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस ट्रेन में लोको पायलट, सहायक लोको पायलट, गार्ड, टीटीई, समेत आरपीएफ के जवान सभी रेल कमर्चारी महिलाएं थीं। इस ट्रेन का सफल परिचालन कर महिला कर्मियों ने अपने दमखम और आत्मविश्वास का परिचय दिया।
चक्रधरपुर से लेकर राउरकेला स्टेशन तक चली इस महिला स्पेशल ट्रेन की मुख्य चालक की कमान शिला रानी होरो ने संभाली, जबकि सहायक चालक सोनाक कुमारी हांसदा बनी। वहीं, श्रावन्ति पांडेय ने गार्ड की कमान संभाली तो डिप्टी सीटीआई टीटीई सचिम खातून, सम्पा चौधरी, सीनियर टीटीई एम कलुण्डिया, सुमित्रा तिर्की की महिला टीम ने यात्रियों की टिकट चेक की।
दक्षिण पूर्व रेलवे की सीकेपी डिवीजन के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मनीष पाठक ने कहा कि इसका उद्देश्य महिला दिवस पर महिला कर्मचारियों में उत्साह और विश्वास पैदा करना था।
हालांकि, दक्षिण पूर्व रेलवे ने पहले भी इसी तरह से दिन मनाया था लेकिन, यह पहली बार था जब महिला कर्मचारियों को एक्सप्रेस ट्रेन चलाने का प्रभार दिया गया था। महिला कर्मचारियों ने स्वतंत्र रूप से स्टेशनों के बीच लगभग 165 किलोमीटर की दूरी तय की है। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की महिला अधिकारियों ने स्टेशन के साथ-साथ ट्रेन का भी प्रबंधन किया है।
विशाखापत्तनम से रायगडा के बीच महिलाओं ने चलाई ट्रेन
आंध्र प्रदेश में विशाखापत्तनम से रायगडा के लिए महिला दिवस के मौके पर एक ऑल-वुमेन क्रू स्पेशल ट्रेन का उद्घाटन किया गया। इस ट्रेन चलाने वाली लोको पायलट साधना कुमारी, सहायक लोको पायलट एन माधुरी और गुड्स गार्ड के राम्या थीं। वहीं इस ट्रेन में टिकट चेकिंग स्टाफ के रूप में सीवी जी मंगेशरी, बी खिल्लर और डी राधा ने यात्रियों के टिकट चेक किए।