हाईकोर्ट ने राजधानी के कई इलाकों में खस्ताहाल सफाई व्यवस्था पर नगर निगम व संबंधित एजेंसियों को कड़ी फटकार लगाई है। कोर्ट ने कहा कि निगम अधिकारी लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ कर रहे हैं। अगर सफाई नहीं हुई तो अधिकारियों पर गैर इरादतन हत्या व अन्य केस दर्ज करने का आदेश दिया जाएगा। मामले की अगली सुनवाई 24 अप्रैल को होगी।
कार्यवाहक मुख्य न्यायमूर्ति गीता मित्तल की खंडपीठ ने बुधवार को पेश की गई सीडी देखने के बाद सरकारी एजेंसियों को कड़ी फटकार लगाई। यह सीडी याचिकाकर्ता व मामले में न्यायमित्र ने पेश की। सीडी में भजनपुरा, कल्याणपुरी, सिविक सेंटर के आसपास, कनॉट प्लेस आदि जगह पर फैले कूड़े के ढेर थे। खंडपीठ ने एमसीडी से कहा कि आप लोगों की जान के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। हम आपके काम से कतई संतुष्ट नहीं हैं। स्वच्छ भारत अभियान का क्या हुआ।
कोर्ट ने तीनों एमसीडी अधिकारियों से कहा कि अगर अगली तारीख तक कूड़ा साफ नहीं किया गया, तो वह कमिश्नर समेत सभी जिम्मेदार उच्च अधिकारियों के खिलाफ आईपीसी की विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज करने के आदेश देंगे।