कर्नाटक से एक ऐसी दर्दनाक घटना सामने आई है जिसमें बेटा पैदा नहीं कर पाने पर एक महिला ने अपनी तीन बेटियों के साथ आत्महत्या कर ली। उसकी तीन बेटियों में एक दो माह की बच्ची थी।
पुलिस ने बताया कि यह घटना गुरुवार को चिक्कबल्लापुर जिले के हनमंतपुरा गांव की है।
25 वर्षीय नागाश्री पिछले दो महीनों से तनाव में थी और उसने आखिरकार अपनी जिंदगी पांच वर्षीय बेटी नव्याश्री, 3 वर्षीय दिव्याश्री और एक दो महीने की बच्ची के साथ कुएं में छलांग लगा कर समाप्त कर दी।
पुलिस का कहना है कि महिला के पति या उसके रिश्तेदारों ने कभी भी महिला को बेटा पैदा न कर पाने के लिए प्रताड़ित नहीं किया। हालांकि लंबे समय से वह चाहती थी कि उसे एक बेटा पैदा हो। वहीं जब दो महीने पहले तीसरे बच्चे के रूप में भी लड़की पैदा हुई तो वह तनाव में आ गई थी।