छेड़छाड़ के आरोप में अंदर गया ग्राम प्रधान
- फोटो : अमर उजाला
यूपी के बागपत के रोशनगढ़ गांव के प्रधान ने घर में घुसकर महिला से छेड़छाड़ की। शोर मचाने पर लोगों ने आरोपी को पकड़कर जमकर पीटा और पुलिस को सौंप दिया। उधर, आरोपी का कहना है कि छपरौली ब्लाक प्रमुख की कुर्सी बचाने के लिए उसे केस में झूठा फंसाया गया है। घटना को लेकर गांव में तनाव की स्थिति बनी है।
रोशनगढ़ गांव के एक व्यक्ति ने पुलिस से शिकायत की है कि शुक्रवार रात परिवार के लोग घर पर सोए हुए थे। रात 11 बजे ग्राम प्रधान नाजिम उनके घर पर पहुंचा और उसकी पुत्रवधू को बदनीयती से पकड़कर छत से नीचे ले जाने लगा। आरोपी ने महिला के साथ छेड़छाड़ की। शोर मचाने पर परिवार के लोग जाग गए।
मौके पर काफी लोग एकत्र हो गए। लोगों ने मिलकर प्रधान को पकड़ लिया और सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की और आरोपी को थाने ले आई।
खेकड़ा सीओ श्वेताभ पांडेय का कहना है कि आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
उधर, आरोपी प्रधान हाजी नाजिम का कहना है कि छपरौली ब्लाक प्रमुख की कुर्सी बचाने के लिए उसके खिलाफ षड्यंत्र रचा गया है, जिन लोगों ने उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। वे लोग ही देर रात उसे घर पर बुलाकर ले गए थे।