ताश खेलने को लेकर झगड़ा हो गया, विवाद इतना बढ़ गया कि गोली चला दी। जिसमें से एक मजदूर की गोली लगने से मौत हो गई। घटना उत्तर प्रदेश के झांसी जिले की है। सदर बाजार थाना क्षेत्र के भगवंतपुरा में सोमवार की रात स्लाटर हाउस (पशु वधशाला) में मजदूर व सुरक्षा गार्ड के बीच ताश खेलने को लेकर झगड़ा हो गया।
इस दौरान एक सुरक्षा गार्ड ने असम निवासी मजदूर अब्दुल करीम को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। करीम के भाई अब्दुल मनस की तहरीर पर कश्मीर निवासी तीन गार्डों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली। पुलिस ने दो को गिरफ्तार कर लिया गया। जबकि मुख्य आरोपी फरार है।
पढ़ें:- आपत्तिजनक हालत में थे पति और प्रेमिका, फिर अचानक हुआ कुछ ऐसा हैरान रह गई पुलिस
असम के कामरूप जिले के लागो थाना क्षेत्र के अधियार पारा निवासी अब्दुल करीम (22) भगवंतपुरा में बने स्लाटर हाउस में अपने भाई अब्दुल मनस और अन्य साथियों के साथ काम करता था। स्लाटर हाउस में सुरक्षा के लिए गाजियाबाद की एक सिक्योरिटी कंपनी के गार्ड तैनात हैं।
अधिकांश गार्ड कश्मीर के हैं। सोमवार की रात खाना खाने के बाद करीम एक कमरे में साथियों के साथ ताश खेलने लगा। खेल के दौरान कश्मीर निवासी गार्ड शकील अहमद ने रात ज्यादा होने की बात कहकर उनको ताश खेलने से मना किया।