गुड़गांव आधारित फर्म में काम करने वाले दो मैकेनिकल इंजीनियरों को रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया में करीब पांच साल पहले तैनात किया गया था, लेकिन इंजीनियरों की नीयत डोल गई और करीब 24 लाख रुपए पर हाथ साफ करते हुए पकड़े गए। पुलिस के मुताबिक पिछले शनिवार को आरोपियों ने करेंसी वेरिफिकेशन एंड प्रोसेसिंग सिस्टम मशीन से रुपए चुराए थे। इंडियन एक्सप्रेस की खबर के मुताबिक आरोपियों ने मशीन में ही दो दिन तक रुपयों को छिपाए रखा, आखिर सुरक्षाकर्मियों ने एक्सरे मशीन के जरिए चोरी को उजागर कर दिया और आरोपियों को पुलिस के हवाले कर दिया।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक आरोपियों के नाम शिया शरन त्रिपाठी (38) और अमित कुमार शर्मा (23) हैं। आरोपियों के खिलाफ पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस थाने में शिकायत दर्ज की गई है। अदालत ने दोनों 14 दिन की न्यायिक हिरासत के लिए तिहाड़ जेल भेजा है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ आरबीआई के डेप्युटी जनरल मैनेजर एके मोदगिल ने 23 जुलाई को शिकायत दर्ज कराई थी, जब सुरक्षाकर्मियों ने त्रिपाठी और शर्मा का दबोच लिया था।