उत्तर प्रदेश के हाथरस से एक साल के बच्चे की दर्दनाक और अजीबो-गरीब मौत का मामला सामने आया है। यहां बच्चे के गले में डाला गया काला धागा उसकी मौत का कारण बन गया। परिजनों की थोड़ी सी लापरवाही ने एक मासूम की जान ले ली। बच्चे की सलामती तथा अच्छे स्वास्थ्य के लिए लोग गले में काले धागे के साथ ताबीज बांधते हैं।
चारपाई पर रोता बच्चा हाथ पैर हिलाते समय चारपाई से गिरा तो काला धागा चारपाई के पाये में फंस गया। इससे फांसी लगने से बच्चे की मौके पर मौत हो गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। जानकारी के अनुसार शनिवार की दोपहर मोहल्ला निवासी साबिर का एक वर्षीय पुत्र सुगरा घर में रो रहा था।
उसकी मां खाना बना रही थी इसलिए बच्चे की दादी उसे कमरे में चारपाई पर सो रहे उसके दादा के पास लिटा आई। हाथ पांव मारते-मारते बच्चा एकाएक चारपाई के किनारे आ गया तथा नीचे लटक गया। इसके बावजूद किसी भी सदस्य ने उसकी ओर ध्यान नहीं दिया। लटके बच्चे के गले में बंधा काला धागा चारपाई के पाये में फंस गया। इस धागे से फांसी लगने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
बच्चे का पिता फेरी लगाने का काम करता है। घटना के समय वह घर पर नहीं था। रविवार की प्रात: बच्चे को दफनाने की तैयारी की जा रही थी तभी किसी ने 100 नम्बर पर पुलिस को फोन कर दिया कि बच्चे की हत्या कर दी गई है। सूचना पर पुलिस मोहल्ले में पहुंच गई तथा बच्चे के शव को उठा लाई तथा पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।