उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में एक शख्स ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर एक महिला के साथ सामूहिक बलात्कार किया है। उसने ऐसा करने से पहले महिला को ब्लैकमेल किया था कि वह उसकी निजी तस्वीरों को वायरल कर देगा।
थाना अल्लाहगंज प्रभारी अवनीश कुमार यादव ने आज बताया कि थाना अंतर्गत मऊ रसूलपुर गांव में रहने वाले आरोपी शख्स ने गत 11 अगस्त को 20 वर्षीय विवाहित युवती को फोन पर धमकी देकर बुलाया। उसके फोटो सोशल मीडिया पर डालने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल किया गया।
उन्होंने बताया कि जब रात में युवती आई तो दो अन्य लोगों के साथ मिलकर तमंचा दिखाकर कथित रूप से उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया।
पुलिस अधीक्षक डॉक्टर एस एस चिनप्पा के आदेश पर इन तीनों के खिलाफ कल रात सामूहिक बलात्कार एवं आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर युवती को चिकित्सीय जांच के लिए भेजा गया है। घटना के बाद से तीनों आरोपी फरार हैं।