लड़कियों को रांची से पंजाब भेजा जा रहा था, पुलिस को खबर लगी तो वो बीच में ही एक स्टेशन में ट्रेन का इंतजार करने लगी लेकिन तस्करों ने चेकिंग की भनक लगते ही बीच रास्ते में लड़कियों को गायब कर दिया।
गुवाहाटी से चलकर पठानकोट जाने वाली 15651 लोहित एक्सप्रेस से इन लड़कियों को ले जाए जाने की सूचना मिलने के बाद मंगलवार देर रात जीआरपी और आरपीएफ अलर्ट हो गईं। पुलिस के पास लड़कियों की फोटोज भी थी, लेकिन फिर भी हाथ कुछ नहीं आया।
दिल्ली चाइल्ड हेल्पलाइन से मिली थी खबर
दिल्ली चाइल्ड हेल्पलाइन मुख्यालय से यह सूचना बरेली पुलिस को मिली थी। इसके बाद बरेली जंक्शन के प्लेटफार्म पर आरपीएफ और जीआरपी की टीमें पहुंच गईं। ट्रेन देर रात करीब 1.30 बजे जंक्शन पहुंची तो बोगियों की चेकिंग में पता चला कि तस्करों ने लड़कियों को रास्ते में ही उतार दिया था।
बहन के अगवा होने पर पुलिस को बताया
पश्चिम बंगाल के काखनी अलीपुरदुआर थाने में एक महिला ने तहरीर सौंपी थी कि बीती 9 अक्टूबर को उसकी 16 वर्षीय बहन को अगवा कर लिया गया। बहन को ढूंढने के दौरान उसे जानकारी मिली कि पड़ोस में रहने वाली गंदारी मुंडा (35) और सद्दाम हुसैन निवासी हसीमारा बहला फुसलाकर उसकी बहन को अपने साथ ले गए।
फोटो हाथ में ही रहा, लेकिन लड़कियां हाथ नहीं आईं
आरोप है कि ये दोनों आरोपी छोटे बच्चों को बेचने का धंधा करते हैं। इस सूचना पर काखनी अलीपुरदुआर थाने की पुलिस सक्रिय हुई तो पता चला कि लोहित एक्सप्रेस के जरिये बच्चों की तस्करी की जा रही है। तस्करी करके लाए जा रहे बच्चों के फोटो भी पुलिस के पास थे लेकिन ट्रेन में उन्हें खोजा नहीं जा सका।