सिरसा में घर में चारपाई पर सोई मां-बेटी को एक युवक ने कस्सी से काट डाला। दिल दहला देने वाली ये घटना वीरवार देर रात सिरसा जिले के गांव मूसली की है। इस घटना में बेटी की गर्दन कटने से मौके पर ही मौत हो गई जबकि गंभीर रूप से घायल मां सिरसा के प्राइवेट अस्पताल में जिंदगी से जंग लड़ रही है।
घायल महिला की गर्दन, हाथ और सीने पर गहरे घाव हैं इसलिए उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। डॉक्टर ने 24 घंटे के लिए उसे आईसीयू में अपनी निगरानी में रखा है। वारदात को अंजाम देने वाला युवक मां-बेटी से बदला लेना चाहता था। पुलिस ने मृतका के चचेरे भाई जगदीश की शिकायत पर आरोपी पवन कुमार के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर शुक्रवार दोपहर उसे गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार गांव मूसली निवासी मूर्ति देवी व उसकी बेटी बिच्छू देवी वीरवार को घर में अकेली थी। मूर्ति देवी का पति कृष्ण कुमार अपने पुत्र धर्मपाल से मिलने रेवाड़ी गया हुआ था। रात को दोनों मां-बेटी घर में बरामदे में चारपाई पर सो रही थी। देर रात करीब एक बजे मूसली निवासी पवन कुमार हाथ में कस्सी लेकर घर में घुस आया।
इसके बाद पवन ने कस्सी से चारपाई पर सोई बिच्छू देवी पर हमला कर दिया। कस्सी के वार से बिच्छू देवी की गर्दन कटकर अलग हो गई। बेटी की चीख सुनकर मां मूर्ति देवी जाग गई। उसने पवन का हाथ पकड़ने की कोशिश की तो पवन ने कस्सी से मूर्ति देवी के हाथ, गर्दन और छाती पर वार किया जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर नीचे गिर पड़ी। चिल्लाने और शोर की आवाज सुनकर ग्रामीण जाग उठे। ग्रामीणों को आता देख पवन कस्सी फेंककर भाग गया।