तमिलनाडु में तिरुविनामलाई जिले के एक परिवार में हो रही रहस्यमयी मौतों का सिलसिला लगातार जारी है। घटना थंदरराय इलाके के परिवार की है। यहां बीते आठ महीनों में सात लोगों की मौत हो चुकी है। परिवार में हुई मौतों की वजह से अभी तक पर्दा नहीं उठ पाया है।
मौजूदा मामले में इस बार परिवार के चार साल के बच्चे की मौत हुई है। मरे हुए उन सभी लोगों ने पेट दर्द और उल्टी की शिकायत की। परिवार में मौतों का सिलसिला 7 अक्टूबर, 2016 से शुरू हुआ था। मामले में सबसे पहले परिवार के 13 साल के बच्चे क्रिस्टोफर की मौत हुई थी। जानकारी के मुताबिक उसे भी पेट दर्द और उल्टी की शिकायत हुई थी। तब से लेकर परिवार में छह और मातें हो चुकी हैं।
मौजूदा मामले में बच्चे (सरन) की मौत रविवार दोपहर को तिरुवन्नमलाई मेडिकल कॉलेज अस्पताल में हुई है। जहां पर उसका इलाज चल रहा था। मामले में कलेक्टर प्रशांत एम वादनरे ने कहा कि तीन दिन पहले बुखार की शिकायत पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वह रविवार की सुबह तक सामान्य था।
कलेक्टर ने आगे बताया कि उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और उसने उल्टी शुरू कर दी। उसकी मौत लगभग 3 बजे हुई। हालांकि कलेक्टर ने मौत की वजह डेंगू होने की संभावना को ठुकरा दिया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं उसके बाद ही मौत के सटीक कारणों का पता चल सकेगा। आठ महीने में हुई सात मौतों में क्रिस्टोफर (एंथनी राज के बेटे) की मृत्यु के बाद, विनोद कुमार (23), नेल्सन (11), क्रिथिका मर्लिन(7), और नेल्सन के दादा जोसेफ (70) तथा इसके अलावा मर्लिन की दादी क्रिस्टा (65) की मौत हुई थी।