करीमनगर (तेलंगाना)। रियलिटी शो में देखे गए एक फायर स्टंट को करने के प्रयास में एक छठी के छात्र की जान चली गई। घटना तेलंगाना के पेडापल्ली जिले में हुई।
मंथानी कस्बे में फायर स्टंट का प्रदर्शन करने के दौरान घायल हुए 11 साल के बच्चे की अस्पताल में मौत हो गई। दुर्घटना के बाद उसे हैदराबाद के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रामागुंदम के सहायक पुलिस आयुक्त अपूर्व राव ने कहा कि मृतक बच्चे की पहचान रपल्ले कासी विश्वनाथ के रूप में की गई है जो कि कक्षा छह का छात्र था और वह अपनी दादी के घर रहता था।
वहीं पर उसने मंगलवार को एक रियलिटी शो में फायर स्टंट देखा था। इसके बाद उसी दिन उसने स्टंट को करने का प्रयास किया। उसने मुंह में केरोसिन लिया और उसके पास आग ले गया मगर जब उसने केरोसिन को बाहर थूकने की कोशिश की तो उसका स्टंट गड़बड़ हो गया। इसके बाद वह आग की चपेट में आ गया।
बच्चे को तुरंत मंथानी के एक अस्पताल में ले जाया गया और वहां से उसे हैदराबाद भेज दिया गया। गंभीर रूप से जलने के कारण उसने शुक्रवार को मौत के आगे घुटने टेक दिए। इस मामले में एक प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।