उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। मोदीनगर-परतापुर मार्ग पर सोमवार सुबह निवाड़ी पुलिस ने मुठभेड़ के बाद बाइक सवार दो बदमाशों को धर दबोचा। पुलिस की घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने कई राउंड फायर किए। इस दौरान उनका एक साथी भागने में कामयाब हो गया।
पुलिस ने उसकी तलाश में तीन घंटे कांबिंग भी की। पुलिस के अनुसार फरार बदमाश राहुल हत्या और लूट के करीब एक दर्जन मामलों में वांछित है जबकि पकड़े गए बदमाश अरुण पुत्र रविंद्र और अरुण पुत्र विजेंद्र का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
सीओ राजकुमार सिंह ने बताया कि सोमवार को निवाड़ी पुलिस मोदीनगर-परतापुर मार्ग पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान काले रंग की पल्सर आ रहे तीन युवकों को रोकने का प्रयास किया गया तो वो भागने लगे। पुलिस ने उनका पीछा किया तो पीछे बैठे बदमाश ने पुलिस पर फायर कर दिया।
पुलिस ने जवाबी फायर किया तो बदमाश बाइक समेत गिर पड़े और बाइक छोड़कर खेतों में भागने लगे। पुलिस टीम ने बदमाशों को घेरकर दबोच लिया जबकि तीसरा भाग निकला। सूचना पर सीओ राजकुमार सिंह, एसपी देहात अरविंद मौर्य समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे।
एसपी देहात ने बताया कि मेरठ के परतापुर के गेंजा गांव निवासी अरुण पुत्र रविंद्र और अरुण पुत्र विजेंद्र को पक। बदमाशों से पल्सर बाइक, एक पिस्टल, एक तमंचा बरामद किया गया है।
लूट के इरादे से निकले थे तीनों
पुलिस ने फरार बदमाश की तलाश में करीब तीन घंटे तक आसपास के खेतों में कांबिंग की। पकड़े गए बदमाशों ने पुलिस को बताया कि वे लूट के इरादे से निकले थे। उनके साथ राहुल निवासी गेंजा मेरठ भी था। राहुल शातिर अपराधी है और हत्या, लूट के करीब एक दर्जन मामलों में वांछित चल रहा है। पुलिस को देखते ही राहुल बाइक से कूदा और भाग खड़ा हुआ जबकि अन्य दोनों बदमाश बाइक गिरने के बाद भागे, जिसके कारण पुलिस ने उन्हें धर दबोचा।