महाराष्ट्र के ठाणे में पुलिस ने एक वाहन से 97 लाख रुपये की पुरानी करेंसी बरामद की है। वाहन चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। ठाणे में पिछले एक सप्ताह में ढाई करोड़ की पुरानी करेंसी बरामद हो चुकी है। नोटबंदी के बाद 5000 से अधिक की पुरानी करेंसी रखना एक अपराध है।
अपराध शाखा के सीनियर इंस्पेक्टर रविंद्र डोईफोडे़ ने बताया कि गुप्त सूचना पर पुलिस की एक टीम ने शुक्रवार शाम कलवा के रेती बंदर में अमित गार्डन के पास जाल बिछाया और संदेह होने पर एक कार को रोका। कार की तलाशी के दौरान एक बोरी से बंद किए जा चुके 500 और एक हजार के नोट बरामद हुए। इस मुद्रा की कुल कीमत 96 लाख 90 हजार पांच सौ रुपये है।
वाहन चालक की पहचान संजय छाने के रूप में हुई है। उसे आगे की जांच के लिए आयकर विभाग को सौंप दिया गया है। पिछले एक हफ्ते में ठाणे पुलिस ने तीन अलग-अलग ऑपरेशन में 2.5 करोड़ रुपये की बंद की जा चुकी करेंसी बरामद की है और छह लोगों को हिरासत में लिया है।