गुजरात के अहमदाबाद में एक 40 साल के शख्स की उसके पड़ोसियों ने पिटाई कर दी है। इसमें वडाज क्षेत्र की एक महिला भी शामिल है। शख्स का जुर्म सिर्फ इतना था कि उसने खुद को नपुंसक कहे जाने का बुधवार को विरोध किया था। पुलिस ने इस मामले में चार पड़ोसियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। यह एफआईआर पीड़ित की रमेश पार्क में रहने वाली 80 साल की मां शारदा पटेल की शिकायत के आधार पर दर्ज की गई है।
एफआईआर के अनुसार पटेल अपने 40 साल के बेटे अनिल और 35 साल की बहू नेहल के साथ रहती हैं। अनिल के पड़ोसी भारत कांति पटेल, उनके बेटे मिलन पटेल, किन्नारी पटेल और प्रदीप शाह उसे नपुंसक कहकर ताना मारा करते थे और उसकी बहू को परेशान करते थे क्योंकि दोनों का कोई बच्चा नहीं है। बुधवार को उसी पड़ोसी ने फिर उसे नपुंसक आदमी बोलकर ताना मारा। उन्होंने कहा कि वह उसे उसकी पत्नी को गर्भवती करके दिखा सकते हैं।
जब अनिल ने उन्हें कहा कि वह इस तरह का व्यवहार बंद करें तो उन्होंने उसे घेरकर पीटना शुरू कर दिया। इसके बाद सोसाइटी के लोग वहां पहुंचे और अनिल को बचाया। इस बीच अनिल की पत्नी ने 108 नंबर पर फोन करके एंबुलेंस को बुलाया और उसे सोला सिविल अस्पताल लेकर गईं। जहां पहुंचकर पता चला कि उसके दाहिने हाथ के कंधे पर फ्रैक्चर हुआ है। निजी अस्पताल में इलाज करवाने के बाद अनिल ने वडाज पुलिस को अपना बयान दिया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मारपीट, चोट पहुंचाना, अश्लील शब्द कहना और उकसाने की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।