हिंदू युवती की मोहब्बत में साजिद इस कदर आशिक बना कि धर्म परिवर्तन कर राज बनने पर मजबूर हो गया और शादी रचा ली। अब इलाके में तनाव है।
मामला, गाजियाबाद जिले के मोदीनगर का है। कोतवाली क्षेत्र के गढ़ी गांव में मुस्लिम युवक ने धर्म परिवर्तन कर युवती से कोर्ट मैरिज की और दोनों कागजात लेकर थाने पहुंच गए। थाने पहुंचे युवती के परिजनों ने पुलिस से उन्हें सौंपने को कहा, लेकिन पुलिस ने इंकार कर दिया। वहीं, दो समुदायों का मामला होने से गांव में तनाव का माहौल है।
कोतवाली क्षेत्र के गढ़ी गांव निवासी युवती प्रेमी साजिद पुत्र इलियास के साथ गायब हो गई थी। युवती के परिजनों ने शनिवार सुबह थाने पहुंचकर हंगामा किया और साजिद के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई। दो समुदायों के बीच का मामला होने से गांव में तनाव है। पुलिस साजिद की तलाश में उसके घर पहुंची तो वहां ताला लटका मिला।
इस बीच युवती दोपहर दो बजे साजिद के साथ कोर्ट मैरिज करके थाने पहुंची और शादी के कागजात पेश किए। उसने साजिद और उसके परिजनों के खिलाफ दर्ज रिपोर्ट वापस लेने की मांग की। वहीं लड़की परिजनों ने पुलिस से उसे सौंपे जाने को कहा। थाना प्रभारी निरीक्षक संजय वर्मा ने बताया कि कोर्ट मैरिज के बाद अब युवती के कोर्ट में बयान दर्ज कराए जाएंगे।
प्यार के लिए साजिद से बना ‘राज’
अपने प्यार को हासिल करने के लिए गढ़ी निवासी साजिद धर्म परिवर्तन करके ‘राज’ बन गया है। पुलिस के अनुसार युवती ने उन्हें बताया कि साजिद ने कोर्ट मैरिज करने के अलावा उससे हिंदू रीति से भी शादी की है। इसके लिए उसने अपना धर्म परिवर्तन करवा के अपना नाम साजिद से राज कर लिया है।