काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस के विकलांग कोच में महिला से छेड़छाड़ के दो दिन बाद जम्मूतवी एक्सप्रेस के जनरल कोच में तीन युवकों ने एक युवती के साथ छेड़खानी कर दी। दरवाजे के पास खड़ी युवती ने मोबाइल पर मुरादाबाद कंट्रोल रूम को सूचना दी।
आरपीएफ और जीआरपी थानों की पुलिस को कंट्रोल रूम ने अलर्ट कर दिया। नियत समय से देरी से चल रही ट्रेन करीब दो बजे जंक्शन पहुंची तो पुलिस ने कोच को घेर लिया। पीड़िता को सकुशल बाहर निकाला गया। उसने पुलिस को तहरीर देने से मना कर दिया। इसके बाद पीड़िता को वाराणसी के लिए रवाना किया गया।
पढ़ें:- ट्रेन में महिला यात्री के साथ अचानक कुछ हुआ ऐसा अधिकारियों में भी मच गया हड़कंप
वाराणसी निवासी युवती मुरादाबाद की एक यूनिवर्सिटी में काम करती है। वह गाड़ी संख्या 13152 जम्मूतवी-कोलकाता एक्सप्रेस से घर जा रही थी। इंजन से तीसरे कोच में युवती को तीन युवक परेशान करने लगे। युवती दरवाजे के पास ही खड़ी थी।
उसने हेल्पलाइन पर छेड़छाड़ की सूचना दी। कंट्रोल रूम ने बरेली जंक्शन की आरपीएफ और जीआरपी को सतर्क कर दिया। टीमें ट्रेन के पहुंचने से पहले जंक्शन पर मुस्तैद हो गईं। आरपीएफ इंस्पेक्टर तेज प्रताप सिंह ने ट्रेन ठहरने के बाद पीड़िता को नीचे उतारा।