पुणे की पायधोने पुलिस के हत्थे ठक-ठक गैंग का मुख्य आरोपी रविचंद्रन मुदलियार चढ़ गया है लेकिन उसकी सच्चाई पर विश्वास कर पाना मुश्किल है। कथित गैंग लीडर 2.5 लाख की चोरी की वारदात में शामिल है। सबसे ज्यादा चौंकाने वाली बात यह है कि उसका एक बेटा मरीन इंजिनियर, दूसरा नवी मुंबई के एक प्रतिष्ठित अस्पताल में डॉक्टर है जबकि तीसरा होटल मैनेजमेंट की पढ़ाई कर रहा है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से मुदलियार कस्टडी में है लेकिन वह केवल तमिल में बात कर रहा था क्योंकि उसका कहना था कि उसे हिंदी नहीं आती है। जब उसने जांच में सहयोग करने से मना कर दिया तो हमने कहा कि हम उसके बेटों को सम्मन भेजेंगे। जिसके बाद आरोपी ने धाराप्रवाह हिंदी में बोलना शुरू कर दिया।
मुदलियार के ठक-ठक गैंग का एक सदस्य कार पर ठकठकाकर ड्राइवर को तेल के रिसाव या एक्सीडेंट होने की जानकारी दिया करता था। जैसे ही ड्राइवर अपनी खिड़की के दरवाजे को नीचे करता गैंग के दूसरे सदस्य ड्राइवर के साथ बातचीत करने लगते और बहुमूल्य सामान खासतौर से मोबाइल फोन लेकर भाग जाते। हालिया मामला दक्षिण मुंबई के एक ज्वैलरी डिजायनर की शिकायत पर दर्ज किया गया था। जिसमें एक अंजान शख्स ने उसकी गाड़ी के दरवाजे पर ठकठक करते हुए बताया कि उसने गाड़ी से तेल के रिसाव को होते हुए देखा है। डिजायनर ने पुलिस को बताया कि जैसे ही वह देखने के लिए गाड़ी से नीचे उतरी एक अज्ञात शख्स ने पिछली सीट पर रखी ज्वैलरी और पैसे चुरा लिए।
इस महीने की शुरुआत में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था जिसमें मुदलियार भी शामिल था। पुलिस ने उन्हें तब गिरफ्तार किया था जब वह कथित तौर पर दूसरी वारदात को अंजाम देने वाला था। पुलिस का कहना है कि मुदलियार मार्च 2017 में धारावी में एसबीआई एटीएम के बाहर खड़ी कैश वैन से 1.6 करोड़ रुपए चोरी करने के मामले का भी आरोपी है। पुलिस ने आरोपी के पास से डेढ लाख रुपए की गोल्ड ज्वैलरी जब्त कर ली है। फिलहाल आरोपी को आर्थर रोड में रखा गया है।