एक युवक को मोहब्बत करने की खौफनाक सजा मिली। युवक को अंदाजा भी न रहा होगा कि उसका प्रेम करना एक दिन उसकी जान ले लेगा।
हुआ यूं कि क्षेत्र के गांव बोझिया के युवक पिंटू का बहराइच में एक युवती से प्रेम हो गया। युवती के भाई ने भरी पंचायत में युवक की हत्या कर दी गई। उसने युवक की गर्दन पर हंसिए से प्रहार कर दिया। जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
चार साल पहले शुरू हुई थी लव स्टोरी !
बहराइच के थाना सुजौली के एसओ अफसर परवेज के अनुसार क्षेत्र के गांव की एक युवती का विवाह चार वर्ष पहले पिंटू के परिवार में हुआ था। युवती के देवर पिंटू का युवती की छोटी बहन से चार साल पहले ही प्रेम प्रसंग हो गया था।
छोटी बहन की भी शादी हो गई और उसका एक पुत्र भी है। दोनों के बीच प्रेम प्रसंग की बात दोनों बहनों के घरवालों को पसंद नहीं थी। मंगलवार को फोन पर संपर्क होने के बाद पिंटू भाभी की बहन के ससुराल पहुंचा और उसे भगा ले गया।
हत्या से इलाके में दहशत
यह बात गांव में फैली तो दोनों को तलाश कर पकड़ लिया गया। दोनों को युवती के मायके के गांव में प्रधान के घर लाया गया। प्रधान प्रतिनिधि विनोद वर्मा के घर के सामने पंचायत बैठी और विवाहिता के भाई ने धारदार हंसिया से पिंटू के गर्दन पर प्रहार कर दिया जिससे उसकी मौत हो गई।
एसओ ने बताया कि आरोपी भाई को पकड़ लिया गया है और रिपोर्ट दर्ज कर चालान भेजा जा रहा है। हत्या की घटना से बोझिया में सन्नाटा पसरा हुआ है। उधर हत्या की खबर सुनते ही परिवार के लोग बहराइच के लिए रवाना हो गए।