हैदराबाद में जमीन विवाद के चलते एक परिवार के सभी सदस्यों ने आत्महत्या कर ली। परिवार में पति-पत्नी और दो बच्चे शामिल थे, जिन्होंने झील में कूदकर जान दी है। दरसअल, रमेश (35) का अपने माता-पिता से प्रॉपर्टी को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था।
रमेश का आरोप था कि माता-पिता ने उससे बिना पूछे जमीन उसकी बहनों के नाम कर दी। इतना ही नहीं उस उसके हिस्से से भी दूर कर दिया। पुलिस के मुताबिक रमेश भेदभाव को बर्दाश्त नहीं कर पाया और उसने पत्नी, दोनों बच्चियां मनाश्री और गीताश्री समेत आत्महत्या का फैसला कर लिया।
रमेश दोनों बच्चियों और पत्नी को बाइक से लेकर झील के पास पहुंचा और झील में कूद गया। मौके पर मौजूद लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी और करीब 2 घंटे के बाद शवों को बाहर निकाला गया।
बताया जा रहा है कि रमेश की मां उसकी पत्नी मनासा को दो बेटियों को जन्म देने के लिए अक्सर निशाना बनाया करती थी। हालांकि, रमेश अपने माता-पिता का इकलौता लड़का था, लेकिन फिर भी उसका उनसे विवाद हो रहा था। पुलिस का कहना है कि केस दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।