महाराष्ट्र के धुले में भीड़ द्वारा पांच लोगों की हत्या मामले में कलेक्टर राहुल रेखावर ने राज्य सरकार को अपनी रिपोर्ट सौंपी है। रिपोर्ट में इस मामले को उन्होंने लोगों द्वारा किया एक सहज कार्य बताया है। उन्होंने कहा है कि लोगों ने ऐसा कुछ करने की योजना पहले से नहीं बनाई थी। मंगलवार को सौंपी अपनी रिपोर्ट में रेखावर ने कहा कि लोगों को हमला करने के लिए जिस वजह ने मजबूर किया कि वह बच्चा उठाने वाले हैं इस पर अभी भी संदेह है। पुलिस द्वारा इसकी जांच की जा रही है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि लोगों द्वारा पांच व्यक्तियों को मारने की योजना पहले से नहीं थी, यह एक सहज कार्य था। हालांकि रिपोर्ट में किसी भी तरह के सोशल मीडिया मेसेज या फिर अफवाह का जिक्र नहीं किया गया है। इसमें कहा गया है कि पुलिस द्वारा इस बात की विस्तार से जांच की जा रही है कि ये घटना किसी व्हाट्सएप मेसेज से जुड़ी हुई थी या नहीं। रेखावर ने रिपोर्ट सौंपी जाने की बात की पुष्टि तो कर दी है लेकिन इसका विवरण देने से इनकार कर दिया है।
रेखावर ने कहा है कि जिला प्रबंधन ने महाराष्ट्र पुलिस के साइबर सेल को फेक सोशल मीडिया मेसेज की जांच करने के लिए कहा है। उन्होंने कहा है कि जब उस व्यक्ति के बारे में पता चल जाएगा जिसने ये फेक पोस्ट भेजी है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बता दें इन लोगों की हत्या महाराष्ट्र के धुले जिले में हुई थी। यह जगह मुंबई से 350 किमी की दूरी पर है। राज्य सूची के मुताबिक मरने वाले पांचों व्यक्ति डवरी गोसावी समुदाय के थे।