यूपी पुलिस के सिपाहियों की करतूत, मृतक की लाश गंगा में फेंककर घरवालों को दिखा दी दूसरे की चिता
- फोटो : demo
यूपी के भदोही के गोपीगंज में पुलिस का अमानवीय चेहरा सामने आया है। आरोप है कि चंद्रपुरा डोमनपुर में हत्या कर फेंके गए स्कार्पियो चालक के शव का अंतिम संस्कार करने के बजाय पुलिस के सिपाहियों ने उसे गंगा में फेंक दिया। आरोप ये भी है कि सिपाहियों ने चालक के घर वालों को घाट पर जलाए गए दूसरे शव की राख दिखा दी।
पुलिस की इस कारगुजारी की जानकारी होने पर घरवालों ने तलाश की तो शव मिल गया। सूचना के बाद डीआईजी और एसपी भी पहुंचे। एसपी ने गोपीगंज थाने के दो सिपाहियों को निलंबित कर दिया। मामले की जांच अपर पुलिस अधीक्षक को सौंप दी।
बुधवार को मऊ के कोपागंज निवासी 35 वर्षीय युवक की लाश डोमनपुर में मिली थी। गले पर जख्म होने के कारण हत्या की आशंका जताई जा रही थी। शर्ट की कॉलर पर कोपागंज, मऊ का स्टीकर लगे होने की जानकारी घरवालों को मिली तो वे गुरुवार को गोपीगंज पहुंचे।