उत्तर प्रदेश के संभल से तीन तलाक का एक और अजीबो-गरीब मामला सामने आया है। यहां एक महिला को पति ने इसलिए तलाक दे दिया क्योंकि उसने बेटी को जन्म दिया था। पीड़िता ने आरोपी पति के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है।
इंडिया टुडे की खबर के मुताबिक महिला का आरोप है कि उसे दहेज के लिए लंबे समय से प्रताड़ित किया जा रहा था। महिला ने बताया कि उसकी शादी चार साल पहले हुई थी और आठ महीने बाद ही उसे मायके छोड़ दिया गया। महिला ने बताया कि उसे रोज पीटा और प्रताड़ित किया जाता था।
कई बार तो उसे जान से मारने की कोशिश की गई। लेकिन हालात तब ज्यादा बिगड़ गए जब पीड़िता ने बेटी को जन्म दिया। महिला ने अपने साथ हुए अन्याय के खिलाफ पीएम मोदी और यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ से मदद मांगी है और तीन तलाक को खत्म करने की मांग की है।
बता दें कि हाल ही में पीएम मोदी ने तीन तलाक से महिलाओं को हो रही परेशानी पर दुख जताया था। पीएम ने बीजेपी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक में कहा था कि मुस्लिम बहनों को परेशान नहीं होने दिया जाएगा और जल्द ही इसका हल निकाला जाएगा।
इससे पहले मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड ने भी पीएम मोदी के सुर में सुर मिलाते हुए कहा था कि बेवजह तलाक देने वालों का सामाजिक बहिष्कार किया जाएगा। बोर्ड ने चेतावनी दी थी कि लोग इसका दुरुपयोग न करें।