बिहार के बेगुसराय के मर्डर का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। खौफनाक मर्डर की इस कहानी में पति-पत्नी के बीच धोखा, सनक, अवैध संबंध और कत्ल की साजिश सभी शामिल हैं। दरअसल, एक शख्स ने अपनी पत्नी के प्रेमी का पहले कत्ल किया और बाद में उसका शव घर के बाथरुम में ही गाड़ दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मौत की गुत्थी में उलझे केस में एक सच सामने आया था कि हत्यारे की मां घर में दफनाई लाश के ऊपर कई महीनों तक सोती रही। जानिए कत्ल की साजिश से गिरफ्तारी तक क्या-क्या हुआ रोंगटे खड़े करने वाली मर्डर की मिस्ट्री में....
पुलिस के मुताबिक दीपक आनंद नाम के शख्स का अपनी पत्नी के साथ अक्सर झगड़ा हुआ करता था। इसकी वजह आरोपी की पत्नी का कथित प्रेमी था। पुलिस के मुताबिक प्रेमी का उनके घर में आना जाना भी था, ये बात आरोपी को नागवार गुजरती थी।
उसने अपनी पत्नी को इस बारे में कई बार समझाना चाहा पर दोनों में बात खत्म होने के बजाय झगड़े शुरू हो जाते थे। 6 महीने पहले की इस पूरी वारदात में आरोपी दीपक ने प्रेमी सोनू को मारने का प्लान बना लिया। बताया जाता है कि दीपक की इस सनक में उसकी मां ने भी उसका साथ दिया था।
गिरफ्तार हुई मां ने केस में कई खुलासे किए। मां ने बताया कि जून के महीने में कत्ल की रात काफी तेज बारिश हो रही थी। दीपक किसी तरह विश्वास जीत कर सोनू को अपने घर ले आया। उसने पत्नी को पहले ही मायके भेज दिया था। दीपक उसे अपने कमरे में ले गया और पीटने लगा। मां ने बताया कि कमरे से चीखने की आवाजें आ रही थीं, उसने जानने की कोशिश भी की लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ।
Murder
कत्ल करने के बाद दीपक ने रात के सन्नाटे में तेज बारिश का फायदा उठाकर लाश को घर के बाथरूम में दफना दिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने पहले ही घर के बाथरूम में गड्डा खोद रखा था। इतना ही नहीं वो लाश को खत्म करने के लिए एसिड भी लेकर आया था। इस बीच उसने लाश को गड्डे में फेंका और ऊपर से एसिड डाल दिया। लाश से बदबू न आए इसके लिए वो महंगा परफ्यूम भी लेकर आया था।
हत्या के शक में पुलिस पति और पत्नी को गिरफ्तार करके ले गई, लेकिन मां घर के अंदर दफन लाश के साथ छह महीने तक रही। चौंका देने वाली बात है कि उसने इसकी भनक लोगों और पुलिस को भी नहीं लगने दी। किसी को पता न लगे इसलिए मां ने बाथरूम में नहाना-धोना भी जारी रखा। बाद में मां ने पुलिस को बताया कि वह फंस न जाए इसलिए उसने अपना मुंह नहीं खोला था।