दिल्ली के कोटला मुबारकपुर थाना पुलिस ने महिला की हत्या की गुत्थी को सुलझा लिया है। सोमवार हुई हत्या के मामले में पुलिस ने महिला के पति को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि उसकी पत्नी के अवैध संबंध थे। इसलिए उसने अपनी पत्नी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी थी।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त चिन्मय बिश्वाल ने बताया कि पुलिस को त्यागराज स्टेडियम के गेट नंबर-1 के पास एक महिला की चाकू से गोदकर हत्या करने की सूचना मिली थी। महिला पर चाकू से 5-6 वार किए गए थे। पुलिस को हत्या में प्रयुक्त चाकू मौके पर ही मिल गया था। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
मृतका की पहचान कोटला मुबारकपुर में रहने वाली संतोषी के रुप में हुई थी। ये विनोद उर्फ बिन्नी की पत्नी थी। बताया गया कि संतोषी की ये दूसरी शादी थी, उसके पहले पति की बीमारी की वजह से मौत हो गई थी।
घटना के बाद से ही उसका पति विनोद घर से फरार था। पुलिस ने आरोपी को सोमवार रात को ही मुडंका से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने जब आरोपी से सख्ती से पूछताछ की तो आरोपी ने सारे राज उगल दिए।
आरोपी ने बताया कि उसने अपनी पत्नी संतोषी को 31 जुलाई को किसी दूसरे शख्स के साथ संबंध बनाते हुए देख लिया था। इस वजह से काफी परेशान था। पहले उसने आईएनए मार्केट से चाकू खरीदा और शरीब पीकर घर पहुंचा। फिर अपनी पत्नी को बहला फुसलाकर त्यागराज स्टेडियम गेट नंबर-1 के पास ले गया। यहां उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी।