पिछले एक वर्ष से लिव इन रिलेशनशिप में रह रही एक युवती ने युवक द्वारा शादी का वादा तोड़े जाने और लड़के के परिजनों द्वारा अभद्र व्यवहार किए जाने पर वह थाना क्वार्सी पहुंच गई। जब वहां पर एक सिपाही ने लड़की से कहा कि ‘जो हुआ वह तुम्हारी सहमति से हुआ’, इतने पर युवती बुरी तरह भड़क गई और उसने वहां जमकर हंगामा किया। बाद में तहरीर पर कार्यवाही का भरोसा दिए जाने पर मामला शांत हुआ।
क्वार्सी के किशनपुर पर रहने वाला युवक दिल्ली में एक प्राइवेट कंपनी में टेक्निकल पोस्ट पर काम करता है। दिल्ली में रहने के दौरान ही उसकी मुलाकात वहीं की एक ब्यूटीशियन से हो गई। दोनों में परिचय होने के बाद वह साथ ही रहने लगे। युवती का आरोप है कि युवक ने उसे शादी का भरोसा दिया और उसके बाद दोनों के संबंध और नजदीक हो गए।
इस दौरान युवती गर्भवती हो गई और युवक उसे अलीगढ़ ले आया। यहां पर उसका गर्भपात करवा दिया गया। युवती का आरोप है कि अब युवक दो महीने से लापता है। उसका मोबाइल भी बंद है। शनिवार को युवती अपनी एक सहेली के साथ दिल्ली से अलीगढ़ आ गई और युवक के घर पहुंच गई।
युवती का कहना है कि वहां पर लड़के के परिजनों ने उसके साथ अभद्रता की। युवती थाने गई और अपनी बात बताई। इस पर एक सिपाही ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि लिव इन में सहमति होती है। जो हुआ सहमति से हुआ। इस पर युवती भड़क गई और थाने में जमकर हंगामा कर दिया। बाद में वहां पुलिस अधिकारी ने युवती को भरोसा दिलाया कि वह तहरीर लिखकर दे, उस पर कार्यवाही होगी। इसके बाद ही मामला शांत हुआ।