पश्चिम बंगाल के दक्षिण दीनाजपुर जिले के गोसाईंपुर में सातवीं कक्षा की एक छात्रा ने एक बीएसएफ जवान द्वारा कथित छेड़छाड के बाद अपने घर पर आत्महत्या कर ली। घटनास्थल बांग्लादेश की अंतरराष्ट्रीय सीमा के नजदीक है। वहीं, बीएसएफ ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताया है।
पीड़िता के परिजनों की ओर से दर्ज कराई गई एफआईआर के मुताबिक, जब छात्रा शनिवार सुबह ट्यूशन से लौट रही थी, तब जवान ने उसके साथ छेड़छाड़ की। घर लौटकर पीड़िता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
परिजनों ने दरवाजा तोड़कर उसे बाहर निकाला और गंभीर हालत में हीली के ग्रामीण अस्पताल ले गए। शनिवार रात 11 बजे के करीब अस्पताल में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव है।
बीएसएफ ने पीड़िता के आरोपों को किया खारिज
हालांकि सिलिगुड़ी से बीएसएफ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि घटना में उनके किसी जवान की संलिप्तता की बात बेबुनियाद है। उन्होंने दावा किया कि लड़की को बीएसएफ जवानों ने सीमा पार से एक नई साइकिल की तस्करी करते पकड़ा था।
उन्होंने कहा कि लड़की ने साइकिल का जो बिल दिया, वह फर्जी था। जवानों ने उसे रुकने को कहा। उसी वक्त, लड़की की मां घटनास्थल पर आ गई और उसने लड़की को थप्पड़ मारा। जवानों ने उसे जाने दिया, लेकिन साइकिल अपने पास रख ली। उन्होंने बताया कि इसके बावजूद बीएसएफ एक वरिष्ठ अधिकारी से मामले की जांच करा रहा है।