बैंककर्मी की पत्नी का सोना लेकर भाग गया टप्पेबाज
- फोटो : demo
यूपी के फतेहपुर में एक महिला से दो लाख रुपए के जेवरों की टप्पेबाजी हो गई। सूचना पर पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। फिलहाल टप्पेबाज का कोई सुराग नहीं मिला है।
गाजीपुर जिले में तैनात बैंककर्मी रसीदुल खान का परिवार शहर के आजाद नगर सिविल लाइन इलाके में रहता है। कुछ दिनों से बेटी सानिया बानो की तबियत खराब है। शनिवार को रसीदुल खान की पत्नी रुखसाना अपनी बेटी सानिया को लेकर नवीन मार्केट पालिका रोड स्थित डाक्टर के क्लीनिक गई थीं।
डॉक्टर ने एक जांच के लिए लिख दिया। रुखसाना बच्ची को लेकर क्लीनिक के बाहर आई, तभी एक टप्पेबाज ने रुखसाना को रोका और बच्ची की बीमारी के बारे में पूछने लगा। उसने झांसा दिया कि बेटी दवा से नहीं दुआ से ठीक होगी, क्योंकि आपके घर में रखा सोना नापाक है। वह सोना पाक कर बेटी की नजर उतार देगा।
बेटी का इलाज कराने थी महिला, टप्पेबाजी का शिकार हो गई
सोने को नापाक बताया और धोखे से हड़पकर फुर्र हो गया टप्पेबाज
- फोटो : demo
रुखसाना टप्पेबाज के झांसे में आ गई। वह उसे घर ले जा रही थी, तभी घर से 50 मीटर पहले ही वह ठहर गया। उसने रुखसाना से कहा कि वह घर के सारे जेवर ले आए। रुखसाना घर गई और कागज में गहने लपेट कर कपड़े के झोले में रखकर ले आई। झोले को हाथ में लेकर सोने का इत्मिनान कर लेने के बाद टप्पेबाज झाड़फूंक का नाटक करने लगा और महिला की नजर बचाकर अपनी जेब से कागज में लिपटा पत्थर झोले में डाल दिया और कागज में लिपटे गहने निकाल लिए।
इसके बाद वह महिला को झोला तीन दिन बाद खोलने को कहकर चंपत हो गया। घर पहुंची महिला को झोले का वजन बढ़ने पर शंका हुई। उसने दो घंटे बाद झोला खोला तो उसमें पत्थर देखकर उसके होश उड़ गए। उसने पति को सूचना दी। रसीदुल ने बताया कि रात को गाजीपुर से लौटकर आए। इसके बाद पुलिस को तहरीर दी।
टप्पेबाज मंगलसूत्र, तीन सोने की अंगूठी, कान के बाले, टॉप्स और चांदी के आधा किलो वजन के जेवरात ले गया। चौकी इंचार्ज धीरेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। घटना की शुरुआत दूसरे क्षेत्र से हुई है, फिर भी सीसीटीवी फुटेज खंगाला जा रहा है।