सेना नायक से धोखाधड़ी करना दो बदमाशों को ऐसा महंगा पड़ा कि सरेआम कपड़े उतारकर धुनाई हुई।
मामला यूपी के बागपत के सरूरपुर गांव का है। सेना नायक से धोखाधड़ी कर एटीएम कार्ड बदलकर भाग रहे दो बदमाशों को लोगों ने दबोच लिया जबकि एक बदमाश कार से फरार हो गया।
लोगों ने दबोचे गए दोनों बदमाशों को अर्द्धनग्न कर जमकर धुनाई की और फिर उन्हें पुलिस को सौंप दिया। आरोपियों के पास से अलग-अलग बैंकों के 80 एटीएम कार्ड बरामद हुए हैं।
सरूरपुर निवासी धर्मवीर सिंह सेना में नायक पद पर तैनात है। गुरुवार को वह पिता गुगन सिंह के साथ गांव के ही एटीएम से कुछ रुपए निकालने गए थे।
एटीएम से निकलते वक्त तीन युवकों ने उससे कहा कि आपका एटीएम कार्ड नेट से जुड़ गया है। इसलिए आपके एकाउंट से रुपये कटते रहेंगे। अपना एटीएम कार्ड दिखा दो, अभी इस समस्या को हल कर देते हैं।
आरोपियों की चालाकी सेना नायक भांप नहीं पाए और एटीएम कार्ड बदमाशों को थमा दिया।
शातिरों ने एटीएम में तीन-चार बार कार्ड लगाकर कहा कि अब आपके खाते से रुपये नहीं कटेंगे और उनके हाथ में दूसरा एटीएम कार्ड दे दिया। कार्ड बदला हुआ देखकर धर्मवीर ने अपना कार्ड मांगा। इस पर युवक बहस करने लगे और वहां से भागने लगे। धर्मवीर के शोर मचाने पर लोगों ने पीछा कर दो युवकों को पकड़ लिया, जबकि उनका एक साथी कार से फरार हो गया।
लोगों ने दोनों आरोपियों की जमकर धुनाई की और फिर सरूरपुर पुलिस चौकी को सौंप दिया। आरोपियों ने खुद को लोनी निवासी कादिर पुत्र नूरू और शेरखान पुत्र इरशाद बताया, जबकि फरार साथी आसू पुत्र शाहिद निवासी बुढ़ाना है।
एसएसआई लोकेंद्र शर्मा का कहना है कि आरोपियों के पास से अलग-अलग बैंकों के 80 एटीएम कार्ड बरामद हुए हैं। आरोपी एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करते हैं। उनसे पूछताछ की जा रही है। जल्द ही आरोपियों के साथी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।