यूपी में मुरादाबाद के काशीपुर रोड पर बार्डर स्थित होटल में बेचने के लिए बनाई जा रही अवैध शराब के साथ पूर्व प्रधान को पुलिस ने रंगे हाथ पकड़ा। उसके पास से बनी शराब भी बरामद की गई है। पूर्व प्रधान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
एटा में जहरीली शराब पीने से 34 लोगों के जान गंवाने की घटना के बाद प्रदेश शासन के निर्देश के बाद जिलों में भी छापामारी शुरू कर दी गई है। डीएम के निर्देश पर सोमवार को ठाकुरद्वारा क्षेत्र में छापामारी अभियान चलाया गया।
कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि काशीपुर रोड पर स्थित सुमित्रा देवी रेस्टोरेंट पर अवैध शराब बड़े पैमाने पर बनाकर बेची जाती है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। मौके पर फरीदनगर का पूर्व प्रधान और होटल का संचालक मुखराम सिंह पुत्र होशियार सिंह अवैध शराब तैयार कर रहा था।
मौके से बरामद हुई शराब बनाने की सामग्री
- फोटो : demo pic
शराब में यूरिया और अन्य सामान मिलाकर उसे खतरनाक बनाया जा रहा था। पुलिस ने उसे रंगे हाथों अवैध शराब बनाते पकड़ लिया। मौके से दस लीटर शराब, तीन किलोग्राम यूरिया, करीब 15 पव्वे शराब बरामद की है। पूर्व प्रधान के खिलाफ आईपीसी की धाराओं में केस दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया।
जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। उधर अभियान के अंतर्गत सुरजननगर चौकी क्षेत्र के गांव दुल्हापुर पट्टी जाट निवासी संजय पुत्र राजाराम को भी यूरिया मिलाकर अवैध शराब बनाते गिरफ्तार कर लिया। रिपोर्ट दर्ज कर उसका भी चालान किया गया है।
मामले पर ठाकुरद्वारा के सीओ ओपी आर्य ने बताया है कि जिला प्रशासन के निर्देश पर पूरे क्षेत्र में छापामार अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत कार्रवाई की गई है। टीमें बनाकर गांव-गांव में जांच की जा रही है। पूर्व प्रधान और युवक को जेल भेज दिया गया है। क्षेत्र से अवैध शराब बनाने के धंधे को रोकने के लिए अभियान जारी रहेगा।