मुंबई से शादी में शरीक होने के लिए पुणे जा रहे पांच दोस्तों की मौत हो गई है। यह घटना सोमवार को मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर पनवेल के नजदीक घटी। उस समय सभी दोस्त अपनी खराब हुई वैन को धक्का दे रहे थे तभी एक टेम्पो ने आकर उन्हें टक्कर मार दी। सभी मृतक मानखुर्द के रहने वाले थे। घटना अदाई गांव के पास सुबह 5 बजे घटी।
कमोथे पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया- सभी दोस्त पुणे में होने वाली एक शादी में हिस्सा लेने के लिए मानखुर्द से निकले थे। उनकी ओमनी वैन कुछ किलोमीटर बाद कलामबोली के आगे खराब हो गई। सभी गाड़ी को गैरेज तक ले जाने के लिए उसे धक्का दे रहे थे। जैसे ही वह अदाई गांव के पास पहुंचे एक तेज रफ्तार टेम्पो ने पीछे से उन्हें टक्कर मार दी। जिसकी वजह से उनकी ओमनी वैन क्रैश हो गई।
तीन दोस्तों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी। वहीं दो की मौत कमोथे के एमजीएम अस्पताल ले जाते समय हो गई। मृतकों की पहचान 40 साल के संतोष प्रजापति, 24 साल के राशिद खान, 45 साल के जुमान शेख, 30 साल के दिनेश जायसवाल और 26 साल के अयोध्या यादव के तौर पर हुई है। गंभीर रूप से घायल रामचंद्र यादव को एमजीएम अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
इस घटना में संजय राजभर और मुंद्रिका जायसवाल को कोई चोट नहीं आई है। दोनों वैन से आगे चल रहे थे इसलिए वह सुरक्षित बच गए। टेम्पो ड्राइवर घटना को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया है। पुलिस उसे पकड़ने की कोशिशों में जुट गई है।