तमिलानाडु के कोयंबटूर में एक परिवार के लिए अपने बच्चे के साथ खेल-खेलना भारी पड़ गया। यहां बेटे के साथ लुका छुपी खेल रहे पिता ने बेटे की मौत के बाद आत्महत्या कर ली। उनका बेटा खेल के दौरान वॉटर टैंक में गिर गया था और डूबने से उसकी मौत हो गई। मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि आर. मनिकंदन (32) अपनी पांच साल की बेटी और दो साल के बेटे के साथ खेल रहे थे। जबकि उनकी पत्नी दूसरे कमरे में सो रही थीं। उनका दो साल का बेटा भी कमरे में घूम रहा था।
पुलिस ने आगे बताया कि जब वह अपनी बेटी के साथ खेल रहे थे तो कुछ देर बाद उन्हें लगा कि उनका बेटा वहां से गायब है। जब उन्होंने उसे ढूंढा तो देखा कि वह वॉटर टैंक में पड़ा है। मनिकंदन ने बेटे की ऐसी हालत देखकर अपनी बेटी को छत पर भेज दिया और कहा कि अब वह खुद छिपेंगे और बेटी को ढूंढना होगा।
छत पर काफी देर तक छुपे रहने के बाद जब बेटी नीचे आई तो उसने अपने पिता को ढूंढना शुरू किया। पिता को खोजते हुए वह कमरे तक पहुंची जिसका दरवाजा बंद था। इसके बाद उसने अपनी मां को उठाया। मनिकंदन की पत्नी ने भी दरवाजा खोलने की बहुत कोशिश की। जब दरवाजा नहीं खुला तो वह खिड़की के पास गईं। वहां से उन्होंने देखा कि उनके पति ने पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली है। उन्होंने शोर मचाकर पड़ोसियों को बुलाया।
फिर उन्होंने बेटे की तलाश की जो उन्हें वॉटर टैंक में मिला। पुलिस ने बताया कि दोनों की शादी छह साल पहले हुई थी। मनिकंदन ने बेटे की मौत को देखते हुए अपराधबोध में खुदकुशी कर ली। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिवार को सौंप दिया है।