मुंबई में फैशन डिजाइनर सुनीता सिंह (49) की हत्या मामले में उनके बेटे को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में बेटे ने कई बड़े खुलासे किए हैं। मॉडल बेटे का कहना है कि वह अपनी मां को मारना नहीं चाहता था बल्कि वह तो अपने पिता की आत्मा को मां के अंदर से निकालना चाहता था। मुंबई के लोखंडवाला स्थित फ्लैट में 4 अक्तूबर को सुनिता की हत्या कर दी गई थी।
आरोपी बेटे लक्ष्य ने पुलिस को बताया कि उसकी मां के अंदर जब उसके पिता की आत्मा आती थी तो वह अजीब हरकतें करती थी। वह पैसों से लेकर नशे तक की मांग करती थी। सूत्रों के मुताबिक आरोपी बेटे ने पुलिस को ये भी बताया है कि उसकी मां आत्मा आने के बाद उसपर संबंध बनाने का दबाव बनाती थी। इंकार करने पर वह लड़ाई करती थी।
लक्ष्य ने आगे बताया कि बुधवार को जब वह अपने दोस्त निखिल और महिला मित्र के साथ पार्टी कर रहा था तो उसकी मां वहां नशे की हालत में आ गई और उल्टी सीधी हरकतें करने लगी। बता दें ओशिवारा पुलिस निखिल और लक्ष्य की महिला मित्र को सरकारी गवाह बनाकर पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि लक्ष्य की मित्र भी नशे की आदि है। उसी दिन वह एक बाबा से भी मिला था, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है। साथ ही उसने अपनी मां के साथ मारपीट कर उन्हें बाथरूम में बंद कर दिया और वहां से चला गया था।
सुनीता की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पता चला है कि उनके चेहरे और गर्दन पर गंभीर चोटें आईं थीं जिसके कारण उनकी मौत हुई। लक्ष्य ने पूछताछ में ये भी बताया है कि जब शाम 8 बजे वह घर पहुंचा तो उसने देखा कि उसकी मां बाथरूम में बेहोश पड़ी थी। इसके बाद उसने अपने दोस्त को भी फोन किया और इस बारे में बताया। जब उसने अपनी मां को अस्पताल पहुंचाने के लुए एंबुलेंस बुलवाई तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस का कहना है कि लक्ष्य को जिस वक्त गिरफ्तार किया गया तब वह नशे की हालत में था। वह एस्टॉरायड नाम के ड्रग्स का आदि है। जिसे केवल जिम जाने वाले और सेक्स के लिए इस्तेमाल किया जाता है। लक्ष्य के खिलाफ आईपीसी की धारा 304 के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस वक्त वह पुलिस की हिरासत में है।