सीबीआई ने पुणे के विचारक और लेखक नरेंद्र दभोलकर हत्याकांड के आरोपी हिन्दूवादी नेता डॉ. वीरेंद्र सिंह तावडे की पत्नी निधि तावडे से पूछताछ की। इससे एक सप्ताह पहले सीबीआई ने आरोपी तावडे के घर की तलाशी ली थी।
डीएनए के अनुसार, केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो के अधिकारियों ने बताया है कि डॉ. वीरेंद्र तावडे दभोलकर की हत्या की प्रमुख साजिश कर्ताओं में से एक है। इस हत्याकांड में उनकी पत्नी समेत कई लोग शामिल थे। इसीलिए उनकी पत्नी से पूछताछ की गई। सीबीआई के अनुसार, वीरेंद्र तावडे ने ही 15 हजार रुपए में हत्या के लिए हथियार खरीदे थे।
दभोलकर की हत्या के मुख्य आरोपी तावडे पुणे में हिन्दू जन जागृति समिति के नेता और विवादित सनातन संस्था के प्रवक्ता थे। बताया जा रहा है कि तावडे की पत्नी निधि भी इन हिन्दूवादी संगठनों से जुड़ी थीं। आरोपी तावडे ज्यादातर आश्रमों में रहकर हिन्दुत्व के कामों के लिए लोगों को तैयार करते थे।
दभोलकर हत्याकांड के प्रमुख आरोपियों में से एक सनातन संस्था का सदस्य गोवा ब्लास्ट केस का भी आरोपी है।