नोटबंदी के बाद देशभर में मची नकदी की किल्लत को दूर करने के लिए आरबीआई की कोशिशों के बीच एक होश उड़ाने वाली खबर सामने आई है। बेंगलुरू में एक कैश वैन का ड्राइवर 1.37 करोड़ के नए नोट लेकर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। बताया जा रहा है कि कैश वैन से नकदी बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम में डालने के लिए ले जाई जा रही थी।
जानकारी के अनुसार मामला बेंगलुरू के केजी रोड का है, जहां नए नोटों से भरी एक कैश वैन बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम में पैसा डालने के लिए चली थी। इसी बीच जैसे ही पैसे डालने वाली एजेंसी के कर्मचारी एक एटीएम पर पैसे डालने के लिए उतरे मौका देखकर वैन का ड्राइवर गाड़ी लेकर फरार हो गया।
उसमें रखे बक्शों में 1.37 करोड़ के नए नोटों की नकदी रखी हुई थी। कर्मचारियों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और बैंक के अधिकारियों को दी। जिससे पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस ने सरगर्मी से ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है।