शवों को बाहर निकलवाने में मदद करने वाली जेसीबी
उत्तर प्रदेश के मथुरा में युवक-युवकी की हत्या से सनसनी फैली हुई है। मथुरा के थाना राया क्षेत्र में दोनों की हत्या करके शव कुएं में फेंक दिए गए। घटना को प्रेम प्रसंग से जोड़कर देखा जा रहा है, साथ ही इसे एक ऑनर किलिंग भी माना जा रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने जेसीबी से कुएं को तोड़कर शवों को बाहर निकलवाया।
जेसीबी से कुएं के पास गड्ढा खोदा गया और उससे कुएं की दीवार तोड़कर शवों को निकाला गया। मृतकों की शिनाख्त नहीं हो पाई है। जिस कुएं यह दोनों शव पड़े हुए थे, वह मांट रोड पर कस्बा राया से करीब चार किलोमीटर दूर जंगल में स्थित है और मुख्य सड़क से इसकी दूरी करीब पांच सौ मीटर है।
दोनों के शव बुरी तरह सड़ गए
- फोटो : DEMO Pics
बुधवार शाम को एक किसान ने बदबू आने पर झांककर देखा तब घटना का पता चला। मारे गए युवक की उम्र करीब पच्चीस साल बताई जा रही है, जबकि लड़की बीस साल की है। लड़के ने जींस पहन रखी है, जबकि लड़की ने सलवार और कुर्ता। पुलिस सूत्रों के अनुसार कुए से निकाले गए शव बुरी तरह से सड़ गल चुके थे।
इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि उनकी हत्या कई दिन पहले की गई है। मामले की जानकारी होने पर पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। यह कुआं काफी समय बंद है और इसका कोई इस्तेमाल नहीं होता है। पुलिस ने शवों को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।