बलिया में दिनदहाड़े कत्ल कर दी गई 12वीं छात्रा के साथ हुई वारदात के पीछे आपत्तिजनक वीडियो और ब्लैकमेलिंग जैसे जुर्म भी थे, छात्रा जिसकी पीड़ित थी। यही वारदात की वजह बनी। परिवारीजनों की मानें तो स्नान करते वक्त प्रधान पुत्र ने छात्रा का आपत्तिजनक वीडियो बना लिया था, जिसे दिखाकर उसे ब्लैकमेल करता था। हर कुछ दिन पर पैसा मांगता था।
वह उससे अब तक चार हजार रुपये ले भी चुका था। परिवारीजनों ने बताया कि प्रधान पुत्र प्रिंस अपने तीन-चार दोस्तों के साथ मिलकर लगभग एक वर्ष से रागिनी का पीछा कर रहा था। कई बार रास्ते में रुकवाकर भी अभद्रता की।
शिकायत के बाद भी नहीं लिया प्रधान ने बेटे के खिलाफ एक्शन
लोकलाज तथा गांव के प्रधान पुत्र होने के कारण लोग कुछ नहीं कर पा रहे थे। गांव के प्रधान से शिकायत करने के बावजूद उन्होंने कभी भी अपने बेटे को नहीं रोका। सोमवार रात को तीन-चार दोस्तों के साथ आकर वह उससे फिर पैसा मांग रहा था। छात्रा ने देने से इनकार किया तो मंगलवार सुबह स्कूल जाते समय उसकी हत्या कर दी।
साथ जा रही छोटी बहन जब तक चिल्लाती, तब तक बाइक सवार फरार हो गए। घटना जिले के बांसडीहरोड थाना क्षेत्र स्थित बजहां गांव की हैं। बहन ने गांव के प्रधान पुत्र सहित पांच लोगों पर आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पांच लोगों पर केस दर्ज
पिता की तहरीर पर पुलिस ने गांव के प्रधान, प्रधान पुत्र सहित सहित पांच लोगों पर मुकदमा दर्ज कर उकनी धरपकड़ शुरू कर दी है। बजहां गांव निवासी युवती सलेमपुर के एक प्राइवेट स्कूल में कक्षा 12वीं की छात्रा थी।
वह रोज की तरह मंगलवार सुबह छोटी बहन के साथ साइकिल से स्कूल जा रही थी तो रास्ते में ग्राम प्रधान पुत्र प्रिंस तिवारी बाइक से वहां पहुंचा। अभी वह कुछ समझ पाती कि आरोपी ने उसकी गर्दन पर ताबड़तोड़ चाकू से कई वार कर दिए। जिससे छात्रा लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गई, जबकि घटना के वक्त वहां मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे।
ग्रामीणों की मानें तो आरोपी दबंग प्रवृत्ति का है तथा अपने दोस्तों के साथ आए दिन विद्यालय आने-जाने वाली छात्राओं पर छींटाकशी करता था। कोई मना करता था तो उसके घर जाकर उसे धमकाया करता था।
पिता की तहरीर पर पुलिस ने ग्राम प्रधान कृपाशंकर तिवारी, प्रधान पुत्र प्रिंस तिवारी, सोनू तिवारी, नीरज तिवारी, राजू यादव पर आईपीसी एक्ट 147, 148, 354, 302, 506 के तहत मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। इस दौरान फोरेंसिक टीम , सीओ बांसडीह अशोक कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और मुआयना किया