मुंबई में एक साथ 50 बैंक खातों को चोरों ने हाईटेक अंदाज में अपना निशाना बनाया है। इन खातों से करीब 10 लाख रुपये लूटे गए हैं। चौंका देने वाली बात है कि चोरों ने एटीएम को जरिया बनाकर लोगों को लाखों की चपत लगाई है।
घटना मुंबई चरनी रोड (पश्चिम) की है, जहां एक्सिस बैंक के एक एटीएम पर चोरों की नजरें लंबे समय से गढ़ी हुई थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक हाईटेक चोरों ने एटीएम में कैमरे और डिवाइज लगा दिए, जिसकी मदद से एटीएम यूज करने वाले पीड़ितों का पसर्नल डाटा कॉपी कर लिया गया।
अकाउंट्स की डिटेल्स लेने के बाद गुजरात और फरीदाबाद के एटीएम से पैसे निकाल लिए गए। जांच में जुटी पुलिस ने खुलासा किया कि एक्सिस बैंक के एटीएम में रखवाली करने वाला गार्ड भी काफी समय से मौजूद नहीं था। मरीन ड्राइव पुलिस स्टेशन के एक पुलिसकर्मी ने बताया कि एटीएम पर गार्ड लंबे समय से नहीं था और इसकी शिकायत कई बार की गई थी।
दरअसल, जिन ग्राहकों को चपत लगी है, उनमें ज्यादातर गवर्नमेंट प्रिंटिंग प्रेस के कर्मी शामिल हैं। इस पर डिप्टी पुलिस कमिश्नर ने कहा कि एफआईआर दर्ज कर ली गई है। ज्यादातर अकांउट्स से निकली राशि 10 हजार से 40 हजार के बीच रही। हालांकि, एक ग्राहक के 80 हजार लूटे गए हैं। मरीन ड्राइव पुलिस के पास पांच शिकायतें दर्ज की गई हैं।
एक खाताधारक ने पहचान छुपाने की शर्त पर बताया कि उसके अकाउंट से 40 हजार रुपये निकाले गए हैं। उसके जैसे करीब 41 और कर्मी हैं, जिन्हें भी निशाना बनाया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 419 और 420 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।