खबर का असर, लेडी प्रिंसिपल से छेड़छाड़ करने वाला नपा
- फोटो : demo
यूपी के बागपत के बड़ौत में एबीआरसी में तैनात शिक्षक द्वारा प्रतिदिन बड़ौली गांव के पूर्व माध्यमिक विद्यालय की इंचार्ज प्रधानाध्यापिका के साथ छेड़छाड़ के प्रकरण को अमर उजाला द्वारा प्रमुखता से प्रकाशित करने से शिक्षाधिकारियों में हड़कंप मच गया। शिक्षाधिकारियों ने अमर उजाला की खबरों का संज्ञान लेकर आरोपी शिक्षक को वहां से हटा ही दिया। इससे शिक्षिका और ग्रामीणों ने अमर उजाला का आभार व्यक्त किया।
मामला बड़ौली गांव के पूर्व माध्यमिक विद्यालय का था। विद्यालय में इंचार्ज प्रधानाध्यापिका के रूप में तैनात बड़ौत निवासी सुनीता देवी के साथ विद्यालय के पास स्थित एबीआरसी पर तैनात शिक्षक रणवीर सिंह कई माह से बच्चों के सामने प्रतिदिन छेड़छाड़ करता था। समस्या से क्षुब्ध होकर जहां शिक्षिका ने विद्यालय में आना बंद कर दिया था, वहीं ग्रामीणों ने पंचायत कर समस्या का हल न निकलने तक बच्चों को स्कूल न भेजने का फरमान सुना दिया था।
पीड़ित शिक्षिका सुनीता देवी की समस्या को अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित किया तो शिक्षाधिकारियों ने अमर उजाला की खबरों का संज्ञान लेकर तत्काल प्रभाव से शिक्षक रणवीर को एबीआरसी से हटा दिया और उनकी जगह मनोज कौशिक को तैनात किया।
इससे शिक्षिका और ग्रामीणों ने अमर उजाला का आभार व्यक्त किया। इनमें सुनीता देवी, संगीता, ममता, सुरेश, महेंद्र, प्रवेंद्र, अजित, नीरज, रामपाल, धर्मवीर, सुदेश, अंकित, महिपाल आदि शामिल रहे। इस संबंध में एबीएसए डॉ. प्रभात सिंह ने कहा शिक्षक रणवीर को वहां से हटा दिया गया है।