फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शादी के लिए नहीं माने परिजन तो युवक ने प्रेमिका को मार खुद को गोली से उड़ाया 

Thu, 06 Sep 2018 11:29 PM IST
क्राइम डेस्क, अमर उजाला, इलाहाबाद/झूंसी। 
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर
विज्ञापन

गंगापार के झूंसी थाना क्षेत्र स्थित न्यायनगर पार्क में बृहस्पतिवार शाम सनसनीखेज वारदात हुई। यहां बीटीसी छात्रा की गोली मारकर हत्या करने के बाद युवक ने खुद को गोली से उड़ा दिया। दोनों की लाशें अगल-बगल पड़ी मिली। मौके पर ही तमंचा के साथ पिस्टल, मैगजीन व खोखे के साथ जिंदा कारतूस भी मिले। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच पड़ताल में पता चला है कि युवती की शादी तय होने से युवक नाराज था। जांच की जा रही है। 

विज्ञापन


झूंसी के न्याय नगर में दुर्गा मंदिर पार्क  स्थित है। पार्क में ही मंदिर भी है। बृहस्पतिवार शाम चार बजे के करीब अचानक पार्क से गोली चलने की आवाजें आने लगीं तो मोहल्ले में दहशत फैल गई। मोहल्ले के लोग बाहर निकले तो एक महिला बदहवास हालत में मिली। वह चीखते हुए अपनी बेटी को बचाने की गुहार लगा रही थी। मोहल्ले के लोग भागकर पार्क में पहुंचे तो वहां युवती व युवक की लाश पड़ी मिली। लाश देखकर महिला दहाड़े मारकर रोने लगी। बताया कि मृतका उसकी बेटी वंशिका उर्फ नंदनी सोनी(22) पुत्री रमेश सोनी निवासी सहसों है। बताया कि वह बीटीसी की छात्रा थी। 

सूचना पर झूंसी थाने की फोर्स पहुंची गई। खुद को उर्मिला उर्फ उमा बताने वाली महिला का कहना था कि वह अपनी बेटी वंशिका के साथ दोपहर में शहर में एक डॉक्टर को दिखाने गई थी। वहां से लौटकर वह न्याय नगर में अपने बहनोई ओमप्रकाश के घर गई तो वहां ताला लगा मिला। इसके बाद मोहल्ले में ही स्थित ब्यूटी पार्लर में कुछ देर के लिए गईं। वहां से दोनों दुर्गा मंदिर में जाने के लिए पार्क में पहुंची। इसी दौरान वहां पहले से मौजूद युवक ने असलहा निकालकर दो हवाई फायर किए। दहशत में वह पार्क के बाहर की ओर भागी तो दो और गोलियां चलने की आवाज सुनाई दी। लौटकर पार्क पहुंचने पर देखा कि बेटी वंशिका और आरोपी युवक मृत पड़े थे। 
विज्ञापन


जानकारी पर एसपी गंगापार व एसएसपी नितिन तिवारी भी पहुंच गए। डॉग स्क्वाएड और फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। जांच पड़ताल के दौरान पुलिस को मृतक युवक की जेब से मोबाइल फोन मिला। इसके बाद उसकी शिनाख्त बृजेश उर्फ विजय यादव(25) पुत्र प्यारे लाल यादव निवासी रहिमापुर, झूंसी के रूप में हुई। वह टेलीकॉम कंपनी में काम करता था। जांच पड़ताल के बाद पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 
 

विज्ञापन

युवती की शादी तय होने से था नाराज: पुलिस

पुलिस का कहना है कि प्रथमदृष्टया यही लग रहा है कि युवक-युवती पहले से एक-दूसरे को जानते थे। चार दिन पहले ही युवती की शादी तय हुई थी और युवक इस बात से नाराज था। मौके पर मौजूद रही मां ने जो बातें बताई हैं, उससे यही लग रहा है कि युवती को गोली मारने के बाद युवक ने खुद को गोली से उड़ा दिया। 

प्रथमदृष्टया जो बातें सामने आई हैं, उससे यही लग रहा है कि युवक ने गोली मारकर युवती की हत्या करने के बाद खुद को गोली मार ली। दोनों के परिवारों से पूछताछ की जा रही है।
नितिन तिवारी, एसएसपी
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें