देवरिया में चोटी कटने के बाद एक नवविवाहिता की मौत हो गई। इस घटना से इलाके के लोगों को चोटीकटवा का खौफ सता रहा है। पुलिस इसे अफवाह बताते हुए मौत को संदिग्ध मान रही है।
खामपार थानाक्षेत्र के छितरौली गांव निवासी कमलेश कुशवाहा और पत्नी गुंजन मंगलवार की रात सोए थे। रात करीब एक बजे अचानक गुंजन की चोटी कट गई और वह बेहोश हो गई। घरवाले एक निजी डॉक्टर से इलाज रात को कराए तो थोड़ी राहत मिली। सुबह अचानक गुंजन फिर अचेत हो गई।
घरवाले उसे भाटपाररानी पीएचसी पर बुधवार की सुबह ले गए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। घरवालों ने चोटी कटने से महिला की मौत का दावा किया है। इसकी खबर मिलते ही गांव सहित इलाके के लोगों में चोटीकटवा का दहशत फैल गया।
शव को कब्जे में लेने पहुंची पुलिस से भी लोगों ने चोटी कटने से मौत होने की बात कही। गुंजन की शादी मार्च में हुई थी। खामपार एसओ ने बताया कि चोटी कटने से मौत होने की बात घरवाले बोल रहे हैं, जो अफवाह है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर वजह स्पष्ट होगी।