कन्नौज के तिर्वा से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। छात्र का दिनदहाड़े अपहरण कर उसकी हत्या कर दी गई। बेरहमों ने उसके शरीर और चेहरे को तेजाब से जला भी दिया, ताकि पहचान न हो सके। अपहर्ताओं की तलाश में लगी पुलिस ने पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो मामला खुल गया।
दोनों की निशानदेही पर गुरसहायगंज रामाश्रम के पास काली नदी के किनारे से शव को बरामद किया गया। शुरुआती जांच में हत्या के बदले में हत्या की बात सामने आई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। फर्रुखाबाद के मारवाड़ी मोहल्ला कादरी गेट निवासी महेश जाटव का पुत्र विशाल (12) की बड़ी बहन ज्योति तिर्वा कोतवाली के फगुहा गांव में ब्याही है।
विशाल करीब छह साल से बहन के यहां रहकर पढ़ाई-लिखाई करता था। शुक्रवार की शाम वह साइकिल से फगुहा भट्ठे के पास दुकान से बेसन खरीदने गया था। घर लौटते समय ही उसका अपहरण कर हो गया था।