बहू के मायके वालों ने अपनी बेटी की ससुराल में पहुंचकर हर्जा खर्चा के रुपयों की मांग की। नहीं देने पर दामाद की मां के साथ ऐसा कांड किया कि देखकर लोगों के पैरों तले जमीन खिसक गई।
बहू के मायके वालों ने अपनी बेटी की ससुराल में पहुंचकर हर्जा खर्चा के रुपयों की मांग की। रुपये ने देने पर दामाद की मां को पीटना शुरू कर दिया, जिससे बेटी की सास की मौत हो गई। पुलिस ने बहू के माता-पिता समेत चार लोगों के खिलाफ गैरइरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज करके शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है।
घटना उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले की है। केमरी के मोहल्ला सिंघाड़ियान के रहने वाले चंद्र कुमार गुप्ता का बेटा आकाश गुप्ता व्यापारी हैं। चंद्र कुमार के मुताबिक, उनके पुत्र आकाश की शादी कुछ साल पहले पड़ोसी ओमप्रकाश गुप्ता की पुत्री एकता गुप्ता से हुई थी।
शादी के बाद आकाश की पत्नी अपने मायके चली गई और उसने आकाश समेत कई लोगों के खिलाफ दहेज की रिपोर्ट दर्ज करा दी और हर्जा खर्चा का भी मुकदमा दर्ज करा दिया। इसी मुकदमेबाजी को लेकर ओमप्रकाश और उसका परिवार उनसे रंजिश मानने लगा।
मृतक महिला की फाइल फोटो
- फोटो : अमर उजाला
चंद्र कुमार ने बताया कि रविवार सुबह वह उसका दूसरा पुत्र कारोबार के सिलसिले में गए हुए थे। घर पर उनकी पत्नी शीला देवी (55) और विक्की की पत्नी पूनम गुप्ता थीं। आरोप है कि इस दौरान ओमप्रकाश और उसकी पत्नी संतोष देवी, दीपक गुप्ता उर्फ दीप गुप्ता समेत एक अन्य उसके घर में घुस आए और हर्जा खर्चा के रुपये मांगने लगे।
उसकी पत्नी और पुत्रवधु ने उन्हें समझाने और बाद में आने को कहा तो सभी आगबबूला हो गए। इस दौरान शीला गुप्ता ने विरोध किया तो उनके साथ मारपीट की गई और धक्का देकर गिरा दिया, जिसके कारण शीला बेहोश हो गईं। शोरशराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तब तक आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए।
इस बीच सूचना पाकर चंद्र कुमार भी अपने पुत्र के साथ घर पहुंचे और बेहोश पत्नी को चिकित्सक के पास ले गया, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना के बाद पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने ओमप्रकाश, संतोष देवी, दीप गुप्ता व अन्य के खिलाफ गैरइरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज करके शव पोस्टमार्टम को भेजा है। पुलिस जांच में जुटी है।