अलीगढ़ के थाना सासनी गेट इलाके में एक प्रोविजन स्टोर से खरीदी गई कोल्डड्रिंक की सीलबंद बोतल में कंडोम निकलने का आरोप एक ग्राहक ने लगाया है। कोल्डड्रिंक खरीदने वालों ने चारों बोतलों को अभी खोला नहीं है। वह अब इस मामले को उपभोक्ता संरक्षण फोरम में ले जाने की तैयारी कर रहे हैं।
सासनी गेट के सराय हरनारायण में रहने वाले योगेश कुमार गुप्ता ने बताया कि वह विश्व हिंदू संगठन नाम से एक संस्था चलाते हैं। गुरुवार को संस्था के काम से ही उनके पास संगठन से जुड़े कुछ लोग आए। पास की ही दुकान से उन्होंने चार कोल्ड ड्रिंक्स की बोतलें मंगाईं।
खोलने से पहले तुलसी प्रसाद की नजर एक बोतल में अंदर कुछ पडे़ होने पर गई। आरोप है कि ध्यान से देखा तो एक बोतल में कंडोम था। इसी तरह तीन अन्य बोतलों में भी माचिस की तीली और अन्य तरह की चीजें थीं। चारों बोतलों को नहीं खोला गया। जब दुकानदार से पता किया तो उसने बताया कि सेल्समैन यहां दे जाता है।
योगेश कुमार ने बताया कि जानकारी मिली है कि जिस एजेंसी से सप्लाई आती है, उसका एडीए सासनी गेट में ही गोदाम है। इस पूरे प्रकरण में अब योगेश कुमार गुप्ता ने न्यायालय उपभोक्ता संरक्षण जाने की तैयारी की है।