मुंबई की साकीनाका पुलिस ने 22 साल की नैनी (आया) को गिरफ्तार किया है। आया पर आरोप है कि वह कथित तौर पर लगातार और जबरन 9 साल की मासूम को पोर्न फिल्में दिखाया करती थी। पुलिस के अनुसार पीड़िता के पैरेंट्स ने खासतौर से बच्ची की मां ने उसके व्यवहार में कुछ बदलावों को नोटिस किया था। बच्ची के अंदर यह बदलाव बीते 15 दिनों के अंदर आए थे जब काम के सिलसिले में पैरेंट्स घर से बाहर थे।
बच्ची के पैरेंट्स ने 22 साल की आया को जनवरी में उनकी गैर-मौजूदगी में उसकी देखभाल करने के लिए नौकरी पर रखा था। जब मां ने अपनी चहकती हुई बेटी को काफी परेशान और अंतर्मुखी देखा तो कई बार उससे इसका कारण जानना चाहा लेकिन बच्ची ने कुछ नहीं कहा। अपनी शिकायत में पैरेंट्स का कहना है कि जब वह घर में होते तब भी बच्ची अकेले रहना पसंद करती थी और गुमसुम रहती थी।
अपनी बेटी के अचानक इस बदले हुए व्यवहार को देखकर 26 अप्रैल को मां ने एक बार फिर उससे परेशानी का कारण पूछा। पैरेंट्स को पहले लग रहा था कि बच्ची को पढ़ाई में मुश्किलें आ रही हैं। आखिरकार बच्ची ने बताया कि आया उसे जबरन पिछले 15 दिनों से अपने मोबाइल फोन में पोर्न वीडियो दिखा रही है। साकीनाका पुलिस स्टेशन में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी अविनाश धर्माधिकारी ने कहा- आया को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे 2 मई तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया है। उसके मोबाइल को सीज करके फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है।