लकी ड्रा के नाम पर साढ़े 17 लाख की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। रौना पार थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति ने आठ अक्तूबर को इस मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज कराया है। रौनापार थाना क्षेत्र के अखईपुर निवासी सेना से सेवानिवृत्त मुन्नीलाल ने तीन जून को अपने साथ धोखाधड़ी होने की तहरीर रौनापार थाने में दी थी। सूत्रों के मुताबिक एक दिन मुन्नीलाल के मोबाइल पर फोन कर एक शख्स ने कहा कि आपका एक करोड़ का लकी ड्रा निकला है।
इसे पाने के लिए उनको खाता नंबर 11720976185 में 20 लाख रुपये टीडीएस के रूप में जमा करने होंगे। बताते हैं इसके बाद मुन्नीलाल ने कई किस्तों में 17 लाख 47 हजार 140 रुपये जमा कर दिए। इसके बाद आरोपी का फोन उठना बंद हो गया तो मुन्नीलाल को अपने साथ ठगी होने की जानकारी हुई।
विवेचना के बाद रौनापार पुलिस ने आठ अक्तूबर को अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी की धारा 419, 420 और 66 आईटी एक्ट में केस दर्ज कर लिया। एसओ सुरेश कुमार ने बताया कि मुन्नी लाल को किसी ने प्रलोभन देकर साढ़े सत्रह लाख रुपये खाते में जमा करा लिए थे। प्रलोभन क्या दिया था, इसकी जानकारी नहीं है। एसपी ग्रामीण शैलेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि इस मामले की जानकारी नहीं है। प्रकरण के बारे में एसओ से पता करने के बाद ही कुछ कह सकते हैं।